जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा का ट्रांसफर सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर छाया रहा। फेसबुक और व्हाट्सएप पर उन्हें अलग-अलग संज्ञा दी गई। इनमें से एक शिक्षक ने तो उनकी तुलना आतंकी से ही कर दी। जिले में करीब 85 शिक्षकों का निलंबन करने के बाद वह चर्चा में आ गए थे।
शासन स्तर से सोमवार देर शाम दस बीएसए के स्थानांतरण की सूची जारी की गई थी। इसमें मथुरा के बीएसए मनोज कुमार मिश्रा को कुशीनगर स्थानांतरित किया गया। इनके स्थान पर मथुरा में शौकीन सिंह यादव को भेजा गया है।
जैसे ही मनोज मिश्रा के ट्रांसफर की जानकारी शिक्षकों को मिली, उन्होंने इस मेसेज को फेसबुक और व्हाट्सएप पर शेयर करना शुरू कर दिया। मनोज कुमार मिश्रा ने जिले में चार्ज लेने के बाद दिसंबर तक करीब 85 शिक्षकों को निलंबित करने और 150 से अधिक शिक्षकों के वेतन रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की थी।
नवागत बीएसए ने लिया चार्ज
आगरा डायट से मथुरा बीएसए पद पर स्थानांतरित हुए शौकीन सिंह यादव ने मंगलवार दोपहर में चार्ज ले लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सुुविधा का ध्यान रखना और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। कहा कि शिक्षकों कोे समय से विद्यालय जाकर शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करनी होंगी। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।