मथुरा के वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर पर प्रस्तावित कॉरिडोर का विरोध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को भी विद्यापीठ चौराहे पर ब्रजवासियों का धरना जारी रहा। धरने में शामिल ब्रजवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम खून से पत्र लिखे।
उन्होंने सीएम योगी के नाम खून से पत्र लिखकर कॉरिडोर न बनाने की मांग की। पत्र लिखने वालों में गोविंद खंडेलवाल, अमित गौतम, मेघ श्याम गौतम, दीपक गोयल, अशोक शर्मा, आशीष वशिष्ठ, गणेश गोस्वामी, श्रीवल्लभ गौतम, नीरज गोस्वामी सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
ज्ञात हो कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में कॉरिडोर बनाया जाना प्रस्तावित है। इसको लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को व्यापारियों ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र का बाजार बंद रखकर विरोध किया। सेवायतों के परिवार की महिलाओं ने मंदिर के चबूतरे पर प्रदर्शन कर सरकार को कोसा। महिलाओं ने कीर्तन करते हुए बिहारी जी रक्षा करो, स्वामी जी रक्षा करो का उद्घोष किया। देर शाम व्यापारियों ने विद्यापीठ मार्ग पर बैठकर विरोध किया। मंदिर तक पैदल मार्च निकाला। मंदिर के चबूतरे पर कीर्तन कर आराध्य से प्रार्थना की।