मथुरा। जिले में खेल प्रतिभाओं का उत्साह एक बार फिर देखने को मिला, जब स्वर्गीय मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को जूनियर एवं यूथ बालक वर्ग की मुक्केबाजी चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से आए खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
जूनियर बालक वर्ग में 50 किलोग्राम भार वर्ग में शुभम और 54 किलोग्राम वर्ग में शिवम कुमार गौतम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना स्थान पक्का किया। चयनित खिलाड़ी अब 25 मार्च को गाजियाबाद स्थित महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रादेशिक चयन ट्रायल में भाग लेंगे। यहां सफल होने पर उन्हें नागपुर में होने वाली जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
वहीं यूथ बालक वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 55 किलोग्राम वर्ग में भाविन कुमार, 60 किलोग्राम वर्ग में अभय प्रताप सिंह और 65 किलोग्राम वर्ग में कृष्ण सिसोदिया का चयन किया गया। यह खिलाड़ी एक अप्रैल से हापुड़ में होने वाली यूथ बालक-बालिका राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने लायक रहा। चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन कर योग्य प्रतिभाओं का चयन किया। आयोजन के माध्यम से जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और उभरती प्रतिभाओं की झलक साफ दिखाई दी। जिला मुक्केबाजी संघ के सचिव मुकेश कुमार यादव ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।