मथुरा। तहसील मांट के सभागार के बाहर मौजूद गांव बिजौली के ग्रामीण।
- फोटो : mathura
मांट (मथुरा)। विकास खंड मांट की ग्राम पंचायत बिजौली में राशन दुकान के प्रस्ताव को लेकर चल रहा विवाद अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दोनों पक्ष तहसील मांट में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ से मिले और अपना-अपना पक्ष रखा।
शुक्रवार को राशन डीलर के चयन के लिए बिजौली प्राथमिक स्कूल पर खुली बैठक हुई थी, पर बिना किसी निर्णय के बैठक को स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार की दोपहर को राशन दुकान के प्रत्याशी दिनेश कुमार व दूसरे प्रत्याशी कुंदन सिंह के समर्थक तहसील पहुंचे थे।
सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन में सीडीओ मनीष मीणा के आने की जानकारी मिलते ही दोनों पक्ष अपने दर्जनों समर्थकों के साथ तहसील सभागार के बाहर एकत्रित हो गए। इसके बाद सीडीओ ने दोनों पक्ष की बात सुनी। कुंदन सिंह ने सीडीओ को बताया कि उनके पक्ष में 269 व दिनेश के पक्ष में मात्र 155 लोगों के वोट थे, फिर भी प्रस्ताव नहीं लिखा गया।
दिनेश पक्ष ने सीडीओ को बताया कि बैठक में कुंदन पक्ष के लोग मारपीट पर उतारू थे, वहीं पर्याप्त पुलिस बल भी नहीं था, इसलिए अधिकारी बैठक से उठकर चले गए। सीडीओ ने दोनों पक्ष की बात सुनने के बाद जल्द आखिरी बैठक बुलाने के आदेश बीडीओ मांट अभिमन्यु सेठ को दिए हैं। साथ ही एक मजिस्ट्रेट व पर्याप्त पुलिस बल बैठक में भेजने की भी बात कही है। संवाद