मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में बीटेक की छात्रा का शव राधा वैली स्थित किराये के फ्लैट में फंदे से लटका मिला। दो दिन से फोन न उठने पर परिजनों ने सहेली को फ्लैट पर भेजा। दरवाजा न खोलने पर सहेली ने पुलिस बुला ली। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो पूरा मामला सामने आया। बेटी की मौत से परिवार में मातम छा गया है।
हाथरस के जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव बरौली निवासी नितेंद्र की पुत्री आकांक्षा (24) मथुरा में हाईवे स्थित एक विश्वविद्यालय से बीटेक कर रही थी। वह फाइनल ईयर की छात्रा थी। राधा वैली स्थित किराये के फ्लैट में वह अपनी एक सहेली के साथ रह रही थी। करीब एक सप्ताह पहले उसकी सहेली अपने घर फरीदाबाद चली गई थी। इसके बाद से आकांक्षा फ्लैट में अकेली थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार से आकांक्षा का फोन नहीं उठ रहा था। परिजनों को उसकी चिंता हुई तो उन्होंने फ्लैट में साथ रहने वाली सहेली को फोन किया। उसने घर होने की जानकारी देते हुए राधा वैली में ही रहने वाली एक अन्य सहेली का मोबाइल नंबर उन्हें दे दिया।
परिजनों ने रविवार को उसे फोन कर आकांक्षा के पास भेजा तो फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद सहेली ने ही थाना हाईवे पुलिस को सूचना दी। शाम छह बजे सूचना पर पहुंची पुलिस गेट तोड़कर फ्लैट में दाखिल हुई। अंदर का नजारा देखकर सहेली और पुलिस के होश उड़ गए। छात्रा का शव बेडरूम में फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर मथुरा पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी ने आत्महत्या क्यों की, इस बारे में वे कोई जानकारी नहीं दे पा रही हैं।
चालू था कमरे का एसी, इसलिए सुरक्षित रहा शव
पुलिस जब फ्लैट में पहुंची तो आकांक्षा का शव फंदे से लटका हुआ था और कमरे का एसी चालू था। लगातार एसी चलने के कारण कमरा बहुत ठंडा था। पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना है, लेकिन एसी चलने के कारण ही शव सुरक्षित रहा।
जांच कर रही पुलिस
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया छात्रा की मौत आत्महत्या ही प्रतीत हो रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिर भी पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।