महावन तहसील के किसान इंटर कालेज सौंख खेड़ा में कक्ष निरीक्षक के साथ मारपीट के मामले में माध्यमिक शिक्षक संघ के दोनों गुटों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। सभी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परीक्षा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल मुहैया कराने की मांग रखी।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट और चंदेल गुट) व प्रधानाचार्य परिषद के बैनर तले सैकड़ों शिक्षक बुधवार को सुबह जिलाधिकारी राजेश कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। यहां उन्होंने किसान इंटर कालेज में नकल माफियाओं की दबंगई और कक्ष निरीक्षकों के साथ मारपीट प्रकरण से अवगत कराया।
डीएम ने कार्रवाई करते हुए तत्काल एसएसपी डा. राकेश सिंह से वार्ता की और कालेज में फोर्स की व्यवस्था करने के लिए कहा। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने जीसिटी उमा विद्यालय के प्रकरण से अवगत कराया। क्लेंसी प्रकरण में कार्रवाई की मांग की। डीएम राजेश कुमार ने दोनों मामलों में जांचकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष वीके उपाध्याय, संजय पचौरी, मनवीर सिंह, डॉ. देशराज सिंह, अयोध्या प्रसाद, डॉ. अजयकृष्ण सारस्वत, देवप्रकाश शर्मा, शैलेष चौहान आदि शिक्षक मौजूद रहे।