मथुरा। आदेश न मानने पर खंड शिक्षाधिकारी नंदगांव कैलाश शुक्ला को बीएसए सुनील दत्त ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने तत्काल फटी हुई उपस्थिति पंजिका सीसीटीवी फुटेज प्रस्तुत करने के लिए कहा है। साथ ही जिस कर्मचारी के सामने शिक्षक ने उपस्थिति पंजिका फाड़ी है उसका लिखित जवाब भी मांगा है। जवाब न देने पर घटना के प्रत्यक्षदर्शी और खंड शिक्षाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
बीएसए ने 6 फरवरी को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय नंदगांव का निरीक्षण किया था। इस दौरान कार्यालय में निलंबन के चलते संबद्ध शिक्षिका शिखा वर्मा, संजीव कुमार सिंह, पुष्पेंद्र सिंह और हेमंत कुमार अनुपस्थित मिले थे। कार्यालय के कर्मचारियों ने बीएसए को बताया था कि ये शिक्षक नियमित नहीं आते हैं। तभी किसी कर्मचारी ने खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय से फोन कर सूचना दी कि उपस्थिति पंजिका को सहायक निलंबित शिक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए फाड़ दिया।
बीएसए ने तत्काल खंड शिक्षाधिकारी को फटी हुई पंजिका, सीसीटीवी फुटेज के साथ जिन कर्मचारियों की मौजूदगी में ये घटना हुई उनका लिखित बयान उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे लेकिन खंड शिक्षाधिकारी ने आदेश का पालन नहीं किया।
मामले में खंड शिक्षाधिकारी कैलाश शुक्ला का कहना है कि कार्य की व्यस्तता के चलते वे जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाए थे। सोमवार को जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।