प्रधानमंत्री रोजगार ऋण योजना में जिला उद्योग केन्द्र के गड़बड़झाले की भनक लगते ही भाजपाइयों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान कार्यालय में न जीएम थे, न डीजीएम। नाराज भाजपा कार्यकर्ता तालेबंदी कर यहां धरने पर बैठ गए।
भाजपा जिला पदाधिकारियों को सूचना मिली कि जिला उद्योग केन्द्र में प्रधानमंत्री रोजगार योजना में ऋण के लिए चहेतों का चयन किया जा रहा है। कार्यालय में अधिकारी आते नहीं हैं। इस पर महामंत्री रविंद्र पांडेय के साथ केपी सिंह लोधी, नितिन दिवाकर, सुरेन्द्र प्रधान, संजय लवानियां, सत्यपाल चौधरी, विनोद चौधरी, टोनी निषाद आदि मंगलवार की सुबह दस बजे ही औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग केन्द्र जा पहुंचे।
यहां अधिकारी और कर्मचारियों के नाम पर तीन लोग मौजूद थे। पता चला कि जीएम नोएडा से कभी-कभी आते हैं। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने जीएम आफिस पर ताले जड़ दिए। इसकी सूचना लखनऊ कार्यालय को भी दे दी। करीब दो घंटे बाद कार्यालय पहुंचे जीएम को भाजपाइयों ने जमीन पर बिठा लिया। वह योजना की सूचना आवेदन की अंतिम तिथि से तीन दिन पहले सार्वजनिक करने की बात पर कोई जवाब नहीं दे सके। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए। उन्हें भाजपाइयों ने पूरी स्थिति से अवगत कराया।
प्रदर्शन के दौरान दुर्गेश शर्मा, अंकित निषाद, सुमित शर्मा, केशव मुखिया, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, दीपक सोलंकी, आशीष कन्नौजिया, अभिषेक चौधरी आदि मौजूद रहे।
हंगामे के बाद बढ़ाई आवेदन की तिथि
भाजपाइयों के हंगामा के बाद जिला उद्योग केन्द्र के उपायुक्त उद्योग डा. मंगल सेन ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए ऋण के लिए आवेदन की तिथि 16 जून तक के लिए बढ़ा दी है।