भाजपा जिला कार्यालय पर अब मंत्री और विधायक जनसुनवाई करेंगे। जिला भाजपा ने रोस्टर जारी कर दिया है। नए लोगों की पार्टी में एंट्री को फिलहाल प्रतिबंधित करते हुए पार्टी नेताओं की गाड़ियों पर झंडे और होर्डिंग्स लगाने की भी आचार संहिता जारी की है।
बुधवार को मीडिया से रूबरू हुए भाजपा जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनावों की कामयाबी के बाद अब कार्यकर्ताओं को जून माह में होने जा रहे निकाय और 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां करनी हैं। इसके लिए भाजपा के स्थापना दिवस छह अप्रैल से 13 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को डा. अंबेडर का जन्मदिवस भाजपा समसरता दिवस के रूप में मनाएगी। तेजवीर सिंह ने बताया कि पार्टी के मंडल अध्यक्ष और महामंत्री स्तर के पदाधिकारी ही गाड़ियों पर झंडे लगा सकेंगे। होर्डिंग्स, सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर निगाह रखी जाएगी।
जनसुनवाई के लिए साप्ताहिक रोस्टर जारी किया गया है। इसमें प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय पर गोवर्धन के विधायक ठाकुर कारिंदा सिंह पार्टी पदाधिकारियों के साथ जनसुनवाई करेंगे। मंगलवार को बलदेव के विधायक पूरन प्रकाश, बुधवार को जिलाध्यक्ष सभी महामंत्रियों के साथ सुनवाई करेंगे। प्रथम या द्वितीय शनिवार को ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा, तीसरे या चौथे शनिवार को डेयरी मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान नगेंद्र सिकरवार, मुकेश खंडेलवाल, चिंताहरण चतुर्वेदी, तरुण सेठ, सिद्धार्थ लोधी, मदन मोहन श्रीवास्तव, प्रदीप गोस्वामी आदि मौजूद रहे।