भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने मथुरा पहुंचकर कश्मीर के मौजूदा हालत पर विचार रखे तो यूपी के बारे में भी चर्चा की। भाजपा नेता ने पाकिस्तान को आडे़ हाथ लेते हुए कहा कि पाक आतंकवाद की फैक्ट्री बन चुका है। जनता का ध्यान बटाने के लिए कश्मीर में पाक के इशारे पर यह हरकत कराई जा रही हैं। कश्मीर की अवाम को बहकावे में नहीं आना चाहिए। उत्तर प्रदेश के बारे में बोले कि यहां मुख्यमंत्री की ही नहीं चलती है। सरकार कई अंकल चलाते हैं।
बुधवार को दीनदयाल नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पहुंचे शहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश में सबका साथ सबका विकास के पथ पर चल रही है। देश में विकास और शांति का माहौल तैयार हुआ है। उत्तर प्रदेश की चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का प्रदेश है। यहां की जनता लोकसभा चुनाव के पैटर्न पर अच्छी सरकार चाहती है। अब जनता को चुनाव का बेसब्री से इंतजार है।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि यूपी में कानून का राज खत्म हो गया है। यहां अपराधियों का बोलबाला है। मुलायम सिंह खुद कह रहे हैं कि सपाई लूटपाट बंद करें। जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
कांग्रेस को डूबती नाव बताते हुए कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में ढाई का अंक नहीं पा सकेगी। शीला दीक्षित का प्रयोग दिल्ली में फेल हो चुका है। अब उसे कांग्रेस यूपी में भी दोहराने जा रही है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह, ठाकुर ओमप्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र अग्रवाल, चेयरमैन मथुरा मनीषा गुप्ता, मुकेश खंडेलवाल, चिंताहरण चतुर्वेदी, तरुण सेठ, भानू प्रताप, हेमंत अग्रवाल, सार्थक चतुर्वेदी, सिद्धार्थ लोधी आदि मौजूद रहे।