मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन कर लौटने के बाद भाजपा इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर पर भी सक्रिय हो गई है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस मुद्दे पर सपा मुखिया अखिलेश यादव को अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी ने अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने की बरसी पर 6 दिसंबर को यज्ञ करने का एलान किया है।
किशन सिंह चौधरी ने बताया कि यज्ञ की रूपरेखा शनिवार को होटल अभिनंदन में दोपहर दो बजे में स्पष्ट की जाएगी। किशन सिंह चौधरी ने कहा कि अब समय आ गया है श्रीकृष्ण जन्मस्थली मथुरा का निर्माण अब उसके पूरे क्षेत्र में हो, यह हर भारतवासी चाहता है। इसे भी श्रीराम जन्मभूमि की तरह ही दिव्य और भव्य बनाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रीराम जन्मभूमि के निर्माण का रास्ता साफ करने से हर भारतवासी के मन की बात पूरी हो गई है।
अब हमारा यह कर्तव्य है श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुद्दे को विभिन्न रास्तों से आगे बढ़ाया जाए, ताकि जल्द ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान की जिस भूमि पर कब्जा कर मस्जिद का निर्माण कराया गया है उसे मुक्ति मिल सके। जहां विभिन्न संस्थाएं न्यायालय के माध्यम से इसके लिए प्रयासरत हैं। वहीं जमीनी स्तर पर जन जागरण के माध्यम से इस मुद्दे को निर्णय की तरफ ले जाने की रणनीति भी तैयार की गई है। इसकी शुरुआत 6 दिसंबर को एक महायज्ञ द्वारा की जाएगी। महायज्ञ द्वारा प्रभु श्रीकृष्ण से प्रार्थना करेंगे कि वह इस पुनीत कार्य के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान करें। जन्मभूमि मुक्ति को लेकर चल रही लड़ाई में जीत हो सके।
डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर छेड़ी लड़ाई
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बीते रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए एक्स पर मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण को लेकर चुनौती दे दी। केशव प्रसाद ने लिखा कि अखिलेश यादव श्रीकृष्ण मंदिर का निर्माण नहीं चाहते हैं। अखिलेश यादव को चुनौती दी कि अगर वह आजम खान और मुसलमानों के दबाव में नहीं हैं तो अपना रुख स्पष्ट करें। एक्स पर इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लड़ाई छिड़ी हुई है।