मोबाइल लूटककर भाग रहे लुटेरों को कार सवार ने पीछा कर दबोच लिया। इस दौरान मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
मथुरा की रिपोर्टिंग चौकी कृष्णानगर स्थित सौंख रोड क्षेत्र में मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवक से बाइक सवारों ने मोबाइल फोन छीन लिया। युवक ने शोर मचाया तो एक कार चालक ने बाइक सवारों का पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। दोनों युवकों की पहले तो लोगों ने पिटाई की, इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मोबाइल चोरों से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
कृष्णा नगर के रहने वाले विनीत कुमार भाटिया ने बताया कि शनिवार की रात को 10.30 बजे के करीब वह सौंख रोड स्थित मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। तभी मंडी चौराहे की ओर से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया।
उन्होंने शोर किया तो आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। एक कार सवार ने कुछ दूरी पर जाकर बाइक सवारों को रोक लिया। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने और कहां-कहां पर अपराध किए हैं।