मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस पर नोएडा से आगरा की ओर जा रहे बाइक सवार को बृहस्पतिवार की रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया।
सीओ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि जिला सुल्तानपुर के थाना गोसाईंगंज के देवधागूपुर निवासी पवन कुमार सिंह (48) बाइक से गुरुग्राम जा रहे थे। जैसे ही वह यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 106.5 अलैहपुर के सामने पहुंचे तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में पवन कुमार काफी देर तक मौके पर पड़े रहे। काफी देर बाद एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण की एंबुलेंस इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना दी तो वह अस्पताल के बाद पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। यहां पवन कुमार के साढ़ू दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रात को दुर्घटना हुई और सुबह 8.30 बजे के करीब मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पवन गुरुग्राम में निजी कंपनी में नौकरी करते थे और सरस्वती एंक्लेव में किराए के कमरे में रहते थे। बृहस्पतिवार को वह बाइक से घर से गुरुग्राम के लिए निकले थे।