मथुरा। बिहारीजी मंदिर के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : mathura
वृंदावन (मथुरा)। श्री धाम वृंदावन में माघ पूर्णिमा पर बुधवार को दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा और यमुना स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं, बांकेबिहारी के दर्शन के लिए भक्तों में आपाधापी मची रही।
पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने भीड़ को देखते हुए जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात कर पुख्ता व्यवस्था की। एक दिन पूर्व एसपी सिटी द्वारा पूरे मंदिर क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाने के बाद भीड़ के बावजूद किसी भी श्रद्धालु को कोई विशेष परेशानी नहीं हुई।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, माघ पूर्णिमा के दिन जप-तप, दान एवं कथा पाठ से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और बिगड़े कार्य भी पूरे हो जाते हैं। इस मौके पर बांकेबिहारी मंदिर में भक्त आराध्य के दर्शन के लिए उमड़े। मंदिर से लेकर बाहर गलियों तक में श्रद्धालुओं की भीड़ का रेला दिखाई दिया।
इधर, भीड़ के चलते जगह-जगह जाम लगा। तैनात यातायात पुलिस वाहनों का सुचारू संचालन कराने में लगी रही।