दिल्ली क्रिकेट टीम के कोच भास्कर पिल्लई ने शनिवार को वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की और भारत में क्रिकेट खेल को बढ़ावा देने की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि क्रिकेट अब केवल एक खेल ही नहीं रह गया है प्रोफेशन हो गया है। अब युवा इस खेल के माध्यम से अपना जीवन यापन भी अच्छी तरह से कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि एक व्यक्ति अपने जीवन के दस से पंद्रह साल क्रिकेट को दे दे तो वह एक अच्छी खासी रकम जीवन यापन के लिए एकत्रित कर सकता है। क्रिकेट खेल मेें आए इस बदलाव का सबसे मुख्य कारण आईपीएल जैसे टूर्नामेंट रहे हैं। जिन्होंने क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के साथ उन्हें पैसे कमाने का भी मौका दिया है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार किसी खिलाड़ी को खेल मंत्री बनाया गया है। इससे क्रिकेट के साथ-साथ प्रदेश में अन्य खेलों का भी विकास होगा। उन्होंने बताया कि वह भारतीय क्रिकेट टीम, रणजी, देवधर ट्रॉफी जैसे अन्य टूर्नामेंटों में भी खेल चुके हैं। इससे पहले बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत शालू गोस्वामी, लाल बिहारी गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी और सौरभ गौड़ ने स्वागत किया।