श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल की ओर से लीला मंच पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। गिरिराज महोत्सव के अंतर्गत हुई भजन संध्या में भक्त जमकर झूमे।
कलाकार चित्र-विचित्र ने पूरे जन समुदाय को भजन की लय में बांधे रखा। इसके अलावा भजन गायक सोनू ब्रजवासी ने भी श्रद्धालुओं को अपने भजनों पर नाचने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रमुख भजनों में ‘किशोरी मुझपे रहमत की कृपा रखना..., पत्ते-पत्ते पर राधे का नाम हो गया..., कृष्ण की नाम लगी है फुलवारी..., न चाहूं बंगला गाड़ी न चाहूं सोना चांदी... आदि भजनों के अलावा राधे-राधे कीर्तन से समा बंधा रहा।
इस मौके पर सुरेश चंद अग्रवाल, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, प्रदीप सर्राफ, महेश चंद, अनिल, विजय बंसल, कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन महाआरती से हुआ।