कोसीकलां। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि कोकिलावन परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ 140 सोलर लाइट लगाई जाएंगी। इस पर 7.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी, मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, महंत जानकीदास महाराज ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर चौधरी ने कहा कि शनिधाम कोकिलावन का विकास अब तीर्थ स्थल के रूप में होगा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद 7.33 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराएगी। कोसीकलां-नंदगांव मार्ग से कोकिलावन को जोड़ने वाले मार्ग पर सोलर लाइट तथा कोकिलावन परिक्रमा में सोलर लाइट और कोकिलावन परिक्रमा का सौंदर्यीकरण गोवर्धन परिक्रमा की तर्ज पर होगा।
उन्होंने बताया कि 2.70 किलोमीटर लंबे 4 मीटर पक्के परिक्रमा मार्ग और 4 मीटर कच्ची परिक्रमा का निर्माण कराया जाएगा। पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण होगा। इस मौके पर निरंजन शर्मा, लख्मीचंद, उधम सिंह, दानबिहारी, बच्चू सिंह, भोले प्रधान, नेपाल सिंह, श्यामलाल, शिवकांत चौधरी आदि मौजूद थे।
प्रत्येक शनिवार को पहुंचते हैं करीब दो लाख श्रद्धालु
पिछले कुछ सालों के दौरान कोकिलावन में शनिदेव के दर्शन करने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। शनिधाम में सबसे अधिक श्रद्धालु एनसीआर से आ रहे हैं। इसमें भी दिल्ली और हरियाणा के श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक रहती है। पर्यटन विभाग के मुताबिक यहां प्रत्येक शनिवार को दो लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन को आ रहे हैं।
शनिधाम से जुड़ीं प्रमुख बातें
- दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर कोसीकलां के निकट स्थित है कोकिलावन।
- कोसीकलां से कोकिलावन की दूरी करीब 9 किलोमीटर।
- कोसीकलां-नंदगांव मुख्य मार्ग से जुड़े संपर्क मार्ग से तीन किलोमीटर दूर।
- कोकिलावन में परिक्रमा मार्ग की लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर।