फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: हरियाली तीज पर बरसाना रहेगा वाहनों से मुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
बरसाना। हरियाली तीज पर राधारानी के झूला दर्शन के लिए बरसाना में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। लाडलीजी मंदिर में स्वर्ण हिंडोले और सफेद छतरी में श्रीजी के विशेष दर्शन होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने बरसाना में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। बाहर से आने वाले वाहनों को कस्बे से पहले चिन्हित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा।
विज्ञापन


हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस एक ही दिन होने से बरसाना में श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए चुनौती रहेगी। इसे देखते हुए उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह के साथ लोक निर्माण विभाग के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उपजिलाधिकारी ने बताया कि हरियाली तीज पर श्री लाडलीजी मंदिर में स्वर्ण हिंडोले और सफेद छतरी में श्रीजी के विशेष दर्शन होते हैं। क्षेत्रीय दर्शनार्थियों के साथ बड़ी संख्या में बाहर से श्रद्धालु बरसाना पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए कस्बे में वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समय से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं व्यवस्थित रखने को कहा गया।
विज्ञापन


क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने कहा कि मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक अजित कुमार को नगर पंचायत के साथ समन्वय कर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने और मंदिर जाने वाले मार्गों से अतिक्रमण समय से हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोनों अधिकारियों ने मंदिर प्रबंध समिति के रिसीवर सुशील गोस्वामी और यज्ञपुरुष गोस्वामी को मंदिर प्रांगण में दर्शनार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

बैठक में तहसीलदार गोवर्धन कृष्णगोपाल मिश्रा,पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, सीएचसी प्रभारी विक्रमादित्य चौधरी, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी रामसेवक, थाना प्रभारी निरीक्षक अजित कुमार, नगर पंचायत के बड़े बाबू अमित कुमार, रवि शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी गौरव शर्मा, प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।

इन पार्किंगों में खड़े होंगे वाहन
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को राणा की प्याऊ से पहले, राजस्थान की ओर से आने वाले वाहनों को राधाबाग से पहले तथा मथुरा-गोवर्धन की ओर से आने वाले वाहनों को चिन्हित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित किया जाएगा।

मंदिर में लागू होगी वन-वे व्यवस्था

मंदिर में दर्शन के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सिंहपौर से प्रवेश दिया जाएगा और वन-वे मार्ग के अनुसार श्रद्धालु सफेद छतरी की ओर बढ़ते हुए श्रीजी के दर्शन कर सकेंगे। इससे मंदिर के आसपास भीड़ का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने में मदद मिलेगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें