बरसाना (मथुरा)। बरसाना के मानगढ़ में माता जी गोशाला मेें गोसेवकों पर हाथिया की बनी बंदूकों से गोलियां बरसाई गईं थी। ढभाला के गोसेवक बनवारी की हत्या के आरोपी लखन से बरामद बंदूक अवैध थी और हाथिया में बनी थी।
शनिवार अपराह्न 3:30 बजे ब्रज के विरक्त संत रमेश बाबा की माताजी गोशाला पर गांव ढभाला के युवक लखन और उसके साथियों ने हमला बोला। गोशाला में घुसकर गोसेवक बनवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बरसाना पुलिस ने देर रात लखन को हत्या में प्रयुक्त बंदूक के साथ दबोच लिया था। लखन से बरामद बंदूक अवैध निकली और हाथिया के सिकलीगरों द्वारा निर्मित है। पुलिस पूछताछ में बताया गया कि लखन और हमलावर ग्रामीणों का अवैध हथियार राजवीर नाम के युवक ने उपलब्ध कराए।
पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार
बरसाना। मानमंदिर मानगढ़ स्थित माताजी गोशाला के गोसेवक बनवारी के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कड़ी सुरक्षा में बरसाना लेकर पहुंची। गांव ढभाला के निकट अंतिम संस्कार किया गया। रविवार दोपहर 12:30 बजे बनवारी के शव को लेकर पुलिस गांव ढभाला पहुंची थी। 1:30 बजे उसे मुखागिभन दी गई।
लखन के साथियोें को पकड़ने के लिए दबिश
मथुरा। बरसाना के मानगढ़ मानमंदिर की माताजी गोशाला में हुई गोसेवक बनवारी की हत्या के आरोपी अमर सिंह और सियाराम को पकड़ने को लेकर बरसाना पुलिस दबिश दे रही है। साथ ही नामजदों को दबोचने के लिए सीओ छाता अतुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में बनी दो टीमें अलग से दबिश दे रही हैं। हत्यारोपी लखन से हुई पूछताछ में दो अन्य साथियोें के नाम भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस ने उनके आवास पर दबिश दी लेकिन वह फरार हो चुके थे।