वृंदावन (मथुरा)। जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज चैत्र शुक्ल कामदा एकादशी 1 अप्रैल से फूल बंगले में विराजेंगे। यह शृंखला एकादशी से शुरू होकर सावन मास की हरियाली अमावस्या तक लगभग साढ़े चार माह तक अनवरत चलेगी। विभिन्न मनोहारी आकृतियों में बनने वाले इन भव्य फूल महलों में ठाकुरजी मंदिर जगमोहन में विराजमान होकर भक्तों को दिव्य दर्शन प्रदान करेंगे। कामदा एकादशी से सावन की अमावस्या तक आयोजित होने वाली इस फूलबंगला की शृंखला में नित्यप्रति दोनों समय बांकेबिहारी मंदिर में विभिन्न प्रकार के फूलबंगला बनाए जाएंगे। एक समय का बंगला सजवाने के लिए लगभग 5 से 10 लाख रुपये तक का खर्च आता है। अनुमान के मुताबिक साढ़े चार महीने में दोनों वक्त के बंगले सजवाने में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के भक्त करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि व्यय करेंगे।
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत प्रह्लाद वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि इन फूल भवनों को सजाने के लिए कई तरह के देशी-विदेशी सुगंधित फूलों को अनेक शहरों की फूल मंडियों से मंगाया जाता है। इन बंगलों में बेशकीमती पोशाक व आभूषण धारण कराकर ठाकुरजी को छप्पनभोग निवेदित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोजाना लाखों रुपये खर्च करके ठाकुरजी की बंगला सेवा का आयोजन करवाने वाले भक्तों की लंबी कतार है। पिछले वर्ष जिन भक्तों को बंगला बनवाने की तिथि (तारीख) नहीं मिल पाई थी, वह इस पंक्ति में सबसे आगे लगे हैं।