ठाकुर बांकेबिहारी अब मोबाइल एप के जरिए दर्शन देंगे। वह दिन दूर नहीं जब दुनिया में कहीं भी बैठकर भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीलास्थली में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली जा सकेगी। यमुना आरती और मंदिरों के लाइव दर्शन करने का मौका मिलेगा।
बता दें कि मथुरा को हेरिटेज सिटी और वृंदावन को मॉडल सिटी योजना में चयनित किया जा चुका है। दोनों ही योजनाओं में डीपीआर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत अब मॉडल सिटी योजना में वृंदावन के साथ मथुरा को देश और दुनिया से मोबाइल एप के माध्यम से जोड़ने की तैयारी है।
इस दिशा में काम करते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सीपी सिंह ने इस क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों की राय लेना शुरू किया है। झारखंड के पारसनाथ शहर में काम कर रही कंपनी के राजीव यादव ने बताया कि मोबाइल एप पर मंदिरों के लाइव दर्शन की सुविधा और मंदिरों के खुलने और बंद होने का समय भी होगा। इससे यह भी पता लगाया जा सकेगा कि मथुरा कौन-सी ट्रेन कब पहुंचती है।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से मंदिरों की दूरी, ठहरने के लिए होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला की भी पूरी जानकारी रहेगी। इसके अलावा पार्किंग और जनसुविधाओं की जानकारी भी पर्यटकों को मिल सकेगी। मॉडल सिटी वृंदावन के नोडल अफसर एमवीडीए सचिव एसबी सिंह ने बताया कि मोबाइल एप धार्मिक नगरी के लिए नेविगेटर का भी काम करेगा।