मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद अब पुलिस-प्रशासन के प्रशासन के सामने राधाष्टमी सकुशल संपन्न कराने की चुनौती है। इस दिन बरसाना में भीड़ प्रबंधन पर मंथन के बाद निर्णय लिया है कि जन्माष्टमी के दिन बांकेबिहारी मंदिर में होल्डिंग पैटर्न सफल रहा। इसके तहत भीड़ को रोक-रोककर आगे बढ़ाया गया।
अब इसी तरीके को बरसाना में अमल लाया जाएगा। एसपी देहात त्रिगुण बिषेन ने बताया कि श्रीराधा जी के जन्म पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने, किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने व सुरक्षा के लिहाज से योजना तैयारी की जा रही है। बरसाना में लाड़ली जी के मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को होल्डिंग बैरियर से गुजारा जाएगा, ताकि एक ही समय में भीड़ का जमावड़ा न हो।
इसके अलावा प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग मार्ग रहेंगे। अस्थाई अमानती घर और जूता घर भी बनाए जाने का प्लान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए जाएंगे। ड्रोन कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। मंदिर के पास कंट्रोल रूम से लेकर खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा।