मथुरा। पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को हुई बैंककर्मियों की हड़ताल से जिले में बैंकिंग व्यवस्था चरमरा गई। करीब 225 शाखाओं में कामकाज ठप रहने से 250 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ। नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और ऋण संबंधी काम बंद रहे। इससे बैंक पहुंचे ग्राहकों को मायूस लौटना पड़ा।
हड़ताल के दौरान चौकी बाग बहादुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर के बाहर यूएफबीयू के बैनर तले 350 से अधिक बैंक अधिकारी-कर्मचारी जुटे। उन्होंने सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने पांच कार्यदिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, वेतन विसंगतियां दूर करने और एनपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई।
केनरा बैंक अधिकारी संगठन के क्षेत्रीय सचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। 26 अक्तूर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई। प्रदर्शन में यूएफबीयू संयोजक जगमोहन शर्मा, जितेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, बामनजी चतुर्वेदी, यतेंद्र गौतम, शोभित वर्मा, अरविंद त्रिपाठी और जीतू दिवाकर आदि मौजूद रहे।