मथुरा। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरूकी है। कोरोना टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मोबाइल पर ऑडियो मेसेज भेजा जा रहा है। इसके जरिए उन लोगों से अपील की जा रही है, जिन्होंने अभी तक कोरोना की दूसरी डोज नहीं लगवाई है या दूसरी डोज लगवाना वे भूल गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी क्षेत्र में कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए मोबाइल पर ऑडियो मैसेज के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है। ताकि वे अपनी वैक्सीन की दूसरी डोज समय पर लगवा लें।
उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग टीकाकरण केंद्रों पर जाकर अपनी वैक्सीन लगवा लें। जिन लोगों को प्रथम डोज लग चुकी है और दूसरी डोज अभी लगना बाकी है तो वह भी समय से इसे लगवा लें। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 16 जनवरी रविवार को शहरी क्षेत्र में मेगा टीकाकरण किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में जिन लोगों की वैक्सीन की दूसरी डोज अभी नहीं लगी है शीघ्र ही अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मेगा कैंपों पर जाकर इसे लगवा लें।