बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की रात सर्राफा कारोबारी से 1.35 लाख रुपये और लाखों रुपये के गहने लूट लिए। व्यापारी मथुरा से घर लौटा रहा था। रास्ते में ओवरटेक करके बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोका। तमंचा दिखाकर लूट की। विरोध करने पर व्यापारी की पिटाई कर दी। बदमाशों की धरपकड़ को पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बलदेव थाना क्षेत्र के गरसौली निवासी जगदीश प्रसाद स्वर्णकार है। वह घर में ही अपना पुश्तैनी कारोबार करता है। बुधवार की सुबह वह गहने की खरीद-फरोख्त के लिए बाइक से मथुरा गया था। रात करीब 8:30 बजे घर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह कैलाश मार्ग पर अंगई गांव के समीप पहुंचा।
पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक करके उसे रोका। वह कुछ समझ पाता। इससे पहले ही बदमाशों ने तमंचा सटाकर गहने, पैसे और मोबाइल लूट लिया। बदमाश उसके पास से 1.35 लाख रुपये कैश करीब दो से तीन लाख रुपये के गहने आदि ले गए हैं। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सराफ व्यापारी की पिटाई भी की।
पैसे, गहने लेकर बदमाशों के भाग निकलने पर व्यापारी ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग दौड़े। सूचना पर सीओ महावल सुरेंद्र कुमार यादव, थानाध्यक्ष भी पहुंचे। सीओ ने सभी थाने और चौकी पुलिस को वाहन चेकिंग का फरमान जारी किया। खबर लिखे जाने तक पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी, लेकिन सुराग नहीं लग सका था। बताया जाता है कि लूट के बाद बदमाश आगरा की ओर भागे हैं।