चौमुहां। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित छटीकरा फ्लाईओवर पर रविवार देर रात खड़ी बस को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बालू से लदा हाईवा डिवाइडर फांद कर दूसरे रोड पर पलट गया। हाईवा में भरी बालू सड़क पर फैल गई। इसके कारण दिल्ली-आगरा हाइवे पर छटीकरा स्थित गरुण गोविंद मार्ग के सामने करीब चार किमी लंबा जाम लग गया।
छटीकरा निवासी मनोज ठाकुर ने बताया कि हाईवा मथुरा से चौमुहां की ओर से जा रहा था। फ्लाईओवर पर सवारी लेने के लिए खड़ी एक बस को बचाने के प्रयास में हाईवा को मोड़ा तो वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार होने के कारण हाईवा डिवाइडर फांदकर दूसरी ओर सड़क पर जाकर पलट गया। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहा उत्तराखंड निवासी बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
उधर, हादसे के बाद हाईवे पर बिखरी बालू के कारण भीषण जाम लग गया। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन हाईवे पर ही खड़े हो गए। देखते ही देखते करीब चार किमी लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते पर थाना जैंत प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगाकर वाहन को हाइवे से हटवाया। उधर, सड़क पर पड़ी बालू को हटाने में करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ।