जानलेवा हमले, दहेज एक्ट व मारपीट के मामले में थाना हाइवे पुलिस ने बीएसएफ के सहायक कमांडेंट को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां जमानत खारिज होने पर जेल भेज दिया गया है।
थाना हाइवे क्षेत्र की एक युवती की शादी राजस्थान के अलवर जनपद के गांव खेलीगंज निवासी युवक उदयवीर सिंह संग 11 मार्च 2011 में हुई थी। उदयवीर सिंह बीएसएफ में सहायक कमांडेट है और पोखरण जैसलमेर में तैनात हैं। वर्ष 2013 में उसकी पत्नी ने थाना हाईवे में उसके खिलाफ जानलेवा हमले, दहेज मांगने और मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष हाइवे ने बताया कि उदयवीर के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किए थे। वह कोर्ट में एक साल से हाजिर नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट थे और कुर्की भी निकाली गई थी। सोमवार को वह किसी काम से मथुरा आया था। यहीं पुलिस ने उसे दबोच लिया।