मथुरा। हरीश राघव क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय अंडर-19 एचआर क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में जादौन फाइटर ने शानदार प्रदर्शन किया। बीसीएफ क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम की जीत में आर्यन होल्कर के नाबाद 77 रन की पारी निर्णायक साबित हुई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन सचिव रोहित सिंह ने बताया जादौन फाइटर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीएफ क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। टीम की ओर से लक्ष्य ने 42, कुलदीप सिंह ने 36 तथा माधव ने 31 रन बनाए। जादौन फाइटर की ओर से काव्य सारस्वत, मानवेन्द्र और दिव्यांश अग्रवाल ने दो-दो विकेट लिए।
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जादौन फाइटर की शुरुआत भी शानदार रही। आर्यन होल्कर ने जिम्मेदारी नाबाद 77 रन की पारी खेली जबकि अर्णव राज जादौन ने 45 और नवदीप ने 38 रन बनाकर टीम को 27 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी। बीसीएफ क्रिकेट अकादमी की ओर से अनुराग, अर्पित, माधव और श्रेयांश ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
मैच में अंपायर की भूमिका असलम खान और मनीष चौधरी ने निभाई जबकि स्कोरिंग का दायित्व कर्मवीर ने संभाला। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल सोमवार को हरीश राघव क्रिकेट अकादमी और विनायक रॉयल के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर अनुराग चौधरी, बंसी अग्रवाल, धीरज सारस्वत, भोली सिंह, राहुल जादौन, मोहन मेंडिस शर्मा, वंश, पवन, विवेक, नरेश, सुमित, सागर, कृष्ण आदि मौजूद रहे।