मथुरा। संक्रमण फैलने की स्थिति को देखते हुए जिले में लगभग 1000 बेड की जरूरत पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इंतजाम शुरू कर दिए हैं। ये सभी बेड ऑक्सीजन युक्त होंगे। बढ़ते कोविड संक्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी नवनीत चहल ने स्वर्ण जयंती में व्यापक इंतजाम करने के आदेश दिए। सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता, मानवेन्द्र देव शर्मा-महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मथुरा रिफाइनरी भी उपस्थित रहे।
अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद कर कोविड सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भ करने एवं सेन्ट्रल ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। अस्पताल में 100 बेड की क्षमता के अनुरूप स्टाफ की तैनाती एवं आवश्यक उपकरणों व ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन द्वारा मथुरा रिफाइनरी के सहयोग कराई जाएगी।
रामकृष्ण मिशन अस्पताल वृंदावन में भी कोविड अस्पताल खोला जा रहा है। इसके अलावा कृपालु महाराज के अस्पताल, ब्रज चिकित्सा संस्थान, ब्रज हेल्थ केयर समेत अन्य चिकित्सालय व एक दो आश्रमों को भी को भी अस्पताल का रूप दिया जाना संभव है। कुल लगभग 1000 बेड की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। साथ ही हर मरीज के बेड पर ऑक्सीजन सिलिंडर भी रखा जाएगा।
ऑक्सीजन की कमी को भी जल्द दूर कर लिया जाएगा। डीएम ने अस्पतालों को समय समय पर सैनिटाइज कराने के साथ ही सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश भी दिए हैं। जिन अस्पतालों को कोरोना अस्पताल का दर्जा दिया जा रहा है, उनके निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता एवं अन्य अधिकारी भी साथ में थे।
समस्याओं पर इन नंबरों पर करें काल
8005192681 सीएमओ मथुरा
0565-2470218 कंट्रोल रूम
0565-2470254 कंट्रोल रूम