सेना भर्ती के आखिरी दिन अलीगढ़ की गभाना और खैर तहसील के 443 युवाओं ने दौड़ पूरी की। इसके लिए 6145 युवकों ने दौड़ लगाई थी।
सेना भर्ती निदेशक कर्नल श्रीकांत नारायण ने बताया कि शनिवार को अलीगढ़ की गभाना और खैर तहसील के 10380 युवाओं को भर्ती के लिए बुलाया था। इसमें 6908 युवक भर्ती के लिए ईगल ग्राउंड में टोकन लेने पहुंचे। 738 युवक कम लंबाई होने के चलते बाहर हो गए। 6145 युवकों ने निर्धारित एक मील की दौड़ लगाई।
इसमें 443 युवाओं ने निर्धारित पांच मिनट 40 सेकेंड में दौड़ पूरी कर सैनिक बनने की पहली सीढ़ी पार की। इसी के साथ ही कासगंज, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, जनपद के युवाओं के लिए आयोजित की गई सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई।
कर्नल श्रीकांत नारायण ने बताया कि इसमें 73512 युवाओं को भर्ती के लिए बुलाया गया। 5189 युवकों ने दौड़ पूरी की है। अब सफल अभ्यर्थियों की मेडिकल व अन्य परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।