फिल्म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ में लठामार होली के दृश्य फिल्माने का विरोध गरमा गया है। बरसाना के गोस्वामी समाज ने एलान किया है कि अगर ऐसा हुआ तो नंदगांव के लोगों को बरसाने में होली नहीं खेलने दी जाएगी। इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार मुख्य किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म की शूटिंग में नंदगांव-बरसाना की लठामार होली के दृश्य फिल्माए जाने के लिए नंदगांव के लोगों का एक समूह ढाल और लाठियां लेकर सोमवार को भोपाल गया है। बरसाने के लोग इस बात का विरोध जताने नंदगांव पहुंचे।
बरसाना रोड स्थित चिरंजीलाल की धर्मशाला में आयोजित बैठक में बरसाना गोस्वामी समाज के मुखिया रामभरोसे गोस्वामी ने कहा कि यदि फिल्म में लठामार होली के दृश्य शूट किए जाते हैं तो नंदगांव के लोगों को बरसाना में होली नहीं खेलने दी जाएगी।
बैठक में बाबूलाल गोस्वामी, लीलाधर गोस्वामी, संजय गोस्वामी, हरीओम गोस्वामी, मधुमंगल गोस्वामी, प्रवीण गोस्वामी, पूर्व चेयरमैन ताराचंद गोस्वामी, विजन गोस्वामी, रमेश गोस्वामी, हरीमोहन गोस्वामी, भुवनेश गोस्वामी, नवल किशोर गोस्वामी, पप्पू पंडित, सुरेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
इधर फिल्मांकन टीम से जुडे़ संदीप ने बताया कि नंदगांव के कलाकारों को केवल प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। फिल्म में होली के दृश्यों को शूट करने के लिए थर्माकॉल की नकली ढाल और लाठियां बनाई गई हैं। गौरतलब है कि बीते साल पर्यटन विभाग ने वृंदावन में इस आयोजन की योजना तैयार की थी। जिसका तीखा विरोध हुआ था।