मथुरा। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के नेताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। पशु टीकाकरण में कथित भ्रष्टाचार से नाराज किसानों ने सीडीओ पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया और उनकी गाड़ी के आगे सड़क पर बैठ गए। आरोप है कि सीडीओ फोन नहीं उठातीं और दो माह से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की है।
मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के नेतृत्व में किसानों ने सीडीओ के समक्ष पशु टीकाकरण और उपचार में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि दो माह पहले सीवीओ की कार्यशैली की भी शिकायत की थी। आश्वासन बावजूद न तो समुचित टीकाकरण हुआ और न पशुओं को दवाएं मिल रही हैं। बीमारियों से पशुओं की मौत के कारण पशुपालक आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं।
सीडीओ से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर किसान उनकी गाड़ी के आगे बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इधर जनपद सिंचाई बंधु की बैठक की अध्यक्षता कर निकलते उपाध्यक्ष सुधीर रावत भी किसानों के साथ गाड़ी के आगे धरने पर बैठ गए। उन्होंने भी सीडीओ के बर्ताव को लेकर किसानों का समर्थन किया। हंगामे पर सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता ने किसानों से वार्ता कर बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन स्थगित किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष तिलक उपाध्याय, उदयवीर, अवधेश रावत, सोबरन सिंह, प्रेम सिंह सिकरवार, मुकेश तोमर, योगेश तोमर, लाल सिंह, विजय उपाध्याय, पंकज कुमार, गंगा प्रसाद आदि मौजूद रहे।