राधाकुंड। ग्राम पंचायत जुलहेंदी में ग्रामीण विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। वीबीजी रामजी योजना के तहत गांव में अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना के शुभारंभ से पूर्व अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
अमृत सरोवर के निर्माण के लिए प्रथम चरण में 19 लाख 90 हजार 478 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। भूमि पूजन के साथ ही परियोजना से जुड़े प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अमृत सरोवर बनने से जहां वर्षा जल के संचयन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी। परियोजना के तहत सरोवर के आसपास पौराणिक वन क्षेत्र विकसित करने की योजना है। यहां आधुनिक बेंच लगाकर लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बाउंड्री वॉल पर राधा-कृष्ण की ब्रज लीलाओं से जुड़ी आकर्षक आकृतियां उकेरी जाएंगी।
आरईडब्ल्यूयू प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अजय सक्सेना ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की वीबीजी रामजी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा गांवों को खुशहाल बनाना है। पर्यावरण समिति के सदस्य मनोज सक्सेना ने बताया कि अमृत सरोवर के आसपास विकसित किए जाने वाले वन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटकों और ग्रामीणों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर स्वामी सच्चिदानंद महाराज, पंचायत सचिव हरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।