मथुरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आंशिक परिसीमन के अनंतिम प्रकाशन में त्रुटि होने के चलते प्रशासन ने शुक्रवार को दोबारा अनंतिम परिसीमन प्रकाशित किया है। इसमें जिला पंचायत के वार्डों में संशोधन किया गया है। साथ ही आपत्तियां लेने की भी समय सीमा बढ़ाकर 5 अगस्त कर दी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि 28 जुलाई को प्रकाशित जिला पंचायत वार्डों के अनंतिम परिसीमन में त्रुटि हो गई थी। यह त्रुटि तकनीकी कारणों के चलते हुई थी। अनंतिम प्रकाशन पर प्राप्त आपत्तियों के अध्ययन ने इसकी जानकारी हुई। इस पर शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय परिसीमन समिति से अनुमोदन लेकर जिला वार्डों के अनंतिम परिसीमन को संशोधित किया गया है।
संशोधित अनंतिम परिसीमन के अनुसार जिला पंचायत के वार्ड संख्या 4 से 17 में सम्मिलित क्षेत्र पंचायत के वार्डों में आशिक संशोधन किया गया है। वहीं जिला पंचायत वार्ड संख्या 1 से 3 एवं 17 से 32 तक किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि अब आपत्तियां प्राप्त करने का समय बढ़ाकर 5 अगस्त कर दिया गया है। आपत्तियों का निस्तारण 8 अगस्त तक करते हुए 10 अगस्त को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।