मथुरा के थाना गोवर्धन पुलिस ने अलीगढ़ के डी गैंग के सरगना को लूट की मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बुधवार को डीएवी स्कूल से पहले थाना बरसाना क्षेत्र के गांव ढभाला निवासी सुदर्शन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट की एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी ने अपने साथी थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव पीरपुर निवासी लखन उर्फ लेखन व थाना छाता क्षेत्र के गांव लाडपुर निवासी अनिल उर्फ अन्नू के साथ मिलकर 25 जुलाई को थाना बरसाना क्षेत्र में बाइक लूट की घटना को अंजाम दिया था। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ के थाना खैर में डी गैंग पंजीकृत है। आरोपी सुदर्शन इसका गैंगलीडर है।
मुठभेड़ में दो लुटेरे घायल
पुलिस की बुधवार सुबह अलीगढ़ के डी गैंग के लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। दो लुटेरे टांग में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। लुटेरों से चोरी की बाइक, मोबाइल फोन और 4050 रुपए, दो तमंचे व रुपये बरामद हुए हैं।थाना प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा पुलिस टीम के साथ बुधवार सुबह वांछितों की तलाश में करहला-श्रीनगर मार्ग पर जा रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों को चेकिंग के लिए रोका। लुटेरों ने बाइक को भगाते हुए पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों लुटेरे टांग में गोली लगने से घायल हो गए। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम शेरगढ़ के पीरपुर निवासी लखन उर्फ लेखन और छाता के लाडपुर निवासी अनिल उर्फ अन्नू बताए। हाल ही में दोनों जेल से छूटकर आए हैं। दोनों पर शेरगढ़ व बरसाना थाने में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गैंग का सरगना गोवर्धन थाना पुलिस ने पकड़ लिया है।