‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ फिल्म की शूटिंग में फिल्माया गया केशव की बरात का सीन
बैंडबाजा और बारातियों के बीच केशव बने अक्षय अपनी ही शादी में झूमकर नाचे। चहेते फिल्मी सितारे का डांस देखने के लिए प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। शनिवार रात आठ बजे ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ फिल्म की शूटिंग में केशव की बरात का सीन फिल्माया गया।
फूलों से सजे ट्रैक्टर-ट्राली से अक्षय की बारात गई। केशव (अक्षय) अपनी दुल्हनियां जया ( भूमि पेडनेकर) को बरसाना से बाबू लाल की क्रूजर गाड़ी में विदा करा कर लाए। नंदगांव पहुंचने पर दूल्हा और दुल्हनियां का जमकर स्वागत किया गया। बैंडबाजों की धुन पर ग्रामीण नाचे। अक्षय की शादी के लिए आगरा से सुधीर बैंड को बुलवाया गया। द्वार पर स्थानीय महिलाओं ने वर वधू का स्वागत किया। इस दौरान बैंडबाजे की धुन पर अक्षय थिरके । सीन के अंत में अक्षय ने गाड़ी के बोनट पर चढ़ कर बारातियों के साथ जम कर डांस किया। अक्षय के डांस के हाव भावों को देखकर लगा कि कोई कॉमेडी सीन फिल्माया गया है। अक्षय को दहेज में टीवी, बेड आदि मिले। शादी के शॉट में सुधीर पांडे के अलावा अन्य चर्चित कलाकार भी मौजूद रहे।
दो गानों की नंदगांव में होगी शूटिंग
सूत्रों के अनुसार ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ की शूटिंग में दो गानों की शूटिंग नंदगांव में होगी। एक गाना टॉयलेट पर फिल्माया जाएगा तो दूसरा होली को लेकर फिल्माया जाएगा।
भैंस से शादी की चर्चा
रविवार को हुई शूटिंग में अक्षय की भैंस से शादी करने के सीन की शूटिंग की चर्चा रही। अनुमान लगाया जा रहा है कि कुंडली दोष के चलते फिल्म में भैंस से शादी कराई गई। कुछ लोगों को कहना है कि दर्शकों को लोटपोट करने के लिए इस सीन को फिल्माया गया होगा।