मथुरा। नौहझील-बाजना रोड स्थित एसआरबीएस इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अजय चौधरी ने जेईई एडवांस्ड में 133वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की है। उसने एसआरबीएस इंटरनेशनल स्कूल से 2021 में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। छात्र की इस सफलता पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उसको सम्मानित किया गया। छात्र ने सफलता का श्रेय अपने माता -पिता, शिक्षकों, स्कूल की उच्च गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं कड़े अनुशासन को दिया है।
प्रबंध निदेशक रूपेश चौधरी ने क्षेत्र के प्रतियोगी छात्रों की आवश्कयता को ध्यान में रखते हुए आश्वासन दिया कि आगामी वर्ष से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब छात्रों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सभी तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा स्थानीय स्तर पर उच्च प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा दी जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ. अनुभव लोधी ने छात्र को स्मृति चिन्ह भेंट कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर निमेश सिंह, अनुज सिंह, वृंदावन सिंह, सुधीर प्रधान, भूरा चौधरी, कृपाल सिंह, महादेव चौधरी, पवन चौधरी आदि मौजूद थे।