मथुरा।
बस कुछ दिन की दिक्कत और है। इसके बाद तो मथुरा बिजली आपूर्ति के लिए आगरा पर निर्भर नहीं रहेगा। ऊर्जामंत्री के जिले को बिजली भी खूब मिलेगी। मांट 400 केवी बिजलीघर से गोकुल सब स्टेशन को भी जोड़ने की तैयारी हो गई है। छाता 220 केवी बिजलीघर को पहले ही जोड़ दिया गया है।
एक सप्ताह से जनपद में बिजली कटौती से हा-हाकार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। मांट के मड़ुआका में 400 केवी बिजलीघर के चालू हो गया है। अब तक मथुरा और हाथरस जनपद को आगरा के पीलीपोखर स्थित 400 केवी बिजलीघर से आपूर्ति हो रही थी। मड़ुआका स्थित 400 केवी बिजलीघर शुरू होने से न केवल आगरा पर मथुरा की निर्भरता खत्म होने जा रही है, छाता स्थित 220 केवी बिजलीघर को भी इससे जोड़ दिया गया है। अब तैयारी गोकुल स्थित 220 केवी बिजलीघर को जोड़ने की है। तैयारी पूरी हो चुकी हैं। यह काम पूरा होते ही मथुरा जनपद संपूर्ण रूप से आगरा पीलीपोखर के बजाए मांट 400 केवी बिजलीघर से निर्भर हो जाएगा। इसका लाभ मथुरा को ही नहीं आगरा के साथ पीलीपोखर स्थित 400 केवी से जुड़े अन्य जनपद को भी मिलेगा।
ट्रांसमिशन के अफसरों का कहना है कि मथुरा के बाद मांट 400 केवी बिजलीघर से जल्द ही हाथरस के मीतई 220 केवी बिजलीघर को भी जोड़ दिया जाएगा। इसके लिए टावर बनाने का काम शुरू हो रहा है। अगले माह यह काम पूर्ण कर लिया जाएगा।
वर्जन--
मांट के मड़ुआका में स्थापित 400 केवी बिजलीघर छह लाख 30 हजार मिलियन यूनिट प्रति घंटे बिजली देने में सक्षम है। इससे मथुरा ही नहीं हाथरस को भी रोशन किया जा सकता है। एपी वशिष्ठ, एक्सईएन, ट्रांसमिशन
वर्जन--
हम मथुरा को 24 घंटे बिजली देने की ओर बढ़ रहे हैं। इसके लिए पूरे संसाधन उपलब्ध हो गए हैं।
अधीक्षण अभियंता देहात , आरपीएस तोमर