कोसीकलां। विद्युत विभाग में एक्सईएन और कार्यकारी सहायक के बीच हुए विवाद के बाद कर्मचारी संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है। यूनियनों ने सोमवार से प्रदर्शन और आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली है। कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर एक्सईएन सुरेंद्रपाल सिंह ने कार्यकारी सहायक मोरध्वज सिंह का चिकित्सकीय अवकाश अस्वीकृत कर दिया था। आरोप है कि अवकाश स्वीकृत करने का अनुरोध करने पर एक्सईएन ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान थप्पड़ और लात-घूंसे चले। बचाव में मोरध्वज सिंह ने एक्सईएन को धक्का दे दिया, जिससे वह कुर्सी से नीचे गिर गए। घटना के दौरान वहां रखा एसडीओ का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोसीकलां थाने में लिखित तहरीर दी जा चुकी है। घटना के बाद कोसी डिवीजन के विभिन्न बिजलीघरों के कर्मचारी और अधिकारी लगातार बैठकें कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। रविवार को भी कई दौर की वार्ता के बाद आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। यूनियन नेताओं के अनुसार, सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारी नंदगांव रोड स्थित एक्सईएन कार्यालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सभी कर्मचारी आगरा स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ऐसे में सोमवार से कोसी डिवीजन की विद्युत आपूर्ति और विभागीय कार्यों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।संवाद