मथुरा। देवोत्थान एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम के विवाह के साथ ही मांगलिक कार्य भी आरंभ हो गए। देर शाम को शहर में बैंडबाजों की धुन सुनाई दी। सड़क पर घोड़ी चढ़े दूल्हों की बरात निकली तो जाम की स्थिति बन गई। हालांकि इससे पहले पीएम मोदी के आगमन को लेकर रोके गए रास्तों के कारण भी आमजन खासे परेशान दिखाई दिए।
देवोत्थान एकादशी पर अबूझ सहालग होने के कारण जिलेभर में 200 से ज्यादा शादियां हुईं। इसके लिए शहर के सभी मैरिज होम व होटल आदि बुक रहे। सभी मैरिज होम में शादियां होने के कारण देर शाम को जैसे ही पीएम का काफिला दर्शन करने के बाद ब्रज रज उत्सव स्थल पहुंचा और शाम के 7 बजे, वैसे ही दूल्हे घोड़ी पर चढ़ गए और बरात निकालने के लिए तैयार होने लगे। सड़क पर जहां एक ओर बरात निकलती दिखीं, वहीं दूसरी ओर मैरिज होम में अंदर पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण वाहन सड़कों पर ही खड़े रहे। इससे शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
नए बस स्टैंड से भूतेश्वर मार्ग, डीग गेट से मसानी तिराहा, मसानी तिराहा से गोकुल रेस्टोरेंट, भूतेश्वर तिराहा से कृष्णा नगर चौराहा, द्वारिकापुरी से राधिका विहार व राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमोबेश यही स्थितियां नजर आईं। जाम के कारण राहगीरों के साथ वाहन चालक भी काफी परेशान रहे।