उत्तर प्रदेश परिवार कल्याण व स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार डा. विकास सेठी ने मंगलवार को वृंदावन के अस्पतालों का निरीक्षण किया। सुबह सौ शैया संयुक्त जिला चिकित्सालय में निरीक्षण के बाद सेठी ने अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया।
डा. विकास सेठी ने सौ शैया अस्पताल के आपरेशन थियेटर, आपातकालीन वार्ड, भोजनालय, नेत्र विभाग, टीकाकरण वार्ड, ओपीडी और दंत विभाग का निरीक्षण किया। सभी वार्ड में जाकर रोगियों से अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा और चिकित्सकों के व्यवहार के साथ ही दवाओं के वितरण संबंधी जानकारी ली।
इस दौरान महिला वार्ड में एक रोगी ने बाहर से अल्ट्रासाउंड कराकर लाने की शिकायत की। इस पर डा. सेठी ने सीएमएस एसके जैन से पूछा, तो सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में बीते काफी समय से अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन के लिए डाक्टर की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
इसके बाद डा. सेठी ने सीएमओ, सीएमएस और डाक्टरों के साथ बैठक की। इसमें स्वास्थ्य विभाग के सलाहकार को अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट के साथ-साथ कई चिकित्सकों के पद खाली होने की जानकारी दी गई। इसके अलावा दवाओं के वितरण में देरी का कारण और आरओ प्लांट शुरू न होने की समस्या बताई गई।
बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में स्वास्थ्य सलाहकार डा. विकास सेठी ने बताया कि सौ शैया अस्पताल की समस्याओं और कमियों के बारे में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य सचिव से बात की जाएगी।
इसके बाद डा. विकास सेठी चैतन्य विहार स्थित हेडगेवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राधा निवास स्थित हैजा अस्पताल भी गए। उन्होंने हैजा अस्पताल के आस-पास डलावघर और गंदगी देखकर नाराजगी जताई। सीएमओ विवेक मिश्रा, सीएमएस एसके जैन, सौ शैया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. पीयूष चौबे, डा. केके गुप्ता, डा. एसके मजूमदार आदि साथ थे।