कोसीकलां। ब्रज के ऐतिहासिक भरत मिलाप मेले की तैयारियों के बीच श्री रामलीला संस्थान के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नगर में सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। चुनाव की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
अध्यक्ष पद के लिए दावेदार अपने समर्थकों के साथ संपर्क साधने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। उत्तर भारत के प्रमुख मेलों में शामिल ब्रज के ऐतिहासिक भरत मिलाप मेले का आयोजन श्री रामलीला संस्थान द्वारा किया जाता है। मेले के सफल आयोजन के लिए श्री रामलीला संस्थान की कार्यकारिणी की भूमिका प्रमुख है। संस्थान के द्विवार्षिक चुनाव के लिए वर्षों से रक्षाबंधन के अगले दिन चुनाव कराने की परंपरा है। संस्थान की साधारण सभा की बैठक में सर्वसम्मति से अध्यक्ष का चयन कर मेले को संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
चुनाव के लिए सबसे ज्यादा हलचल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर है। संभावित प्रत्याशी अपनी पूर्व की गतिविधियों को सामने रखते हुए दावेदारी मजबूत करने में लगे हैं। अध्यक्ष पद के लिए सोशल मीडिया पर करीब 8 से 10 संभावित दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। संस्थान के अध्यक्ष अजय मंगला ने बताया कि जल्द ही तिथी घोषित कर चुनाव संपन्न कराया जाएगा।