पर्यावरण विभाग की एनओसी के बगैर मांट तहसील क्षेत्र में ईंट पथाई शुरू करने वाले ईंट भट्ठा संचालकों के यहां बुधवार को लखनऊ से आई खनन टीम ने प्रशासनिक अफसरों के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान नौहझील और सुरीर क्षेत्र के दर्जनों ईंट भट्ठों पर जेसीबी चलाई और फायरब्रिगेड की गाड़ियों से पानी की बौछार की गई। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बुधवार को तहसील क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम ईंट उद्योग, देव ईंट उद्योग, डीवीके ईंट उद्योग, अनिल ईंट उद्योग, कपिल ईंट उद्योग, राजू ईंट, बाबा ईंट सहित दर्जनों ईंट भट्ठों पर हो रहे पथाई कार्य स्थल पर प्रशासनिक अफसर और खनन अधिकारियों ने संयुक्त छापामार कार्रवाई की। इन सभी भट्ठों पर ईंट पथाई कार्य रुकवा दिया। जहां कच्ची ईंटों का स्टॉक था, उन्हें जेसीबी सेे ढहा दिया।
एसडीएम मांट अंजनी कुमार ने बताया कि जिन ईंट भट्ठों पर बिना अनुमति के पथाई कार्य हो रहा है उन सभी भट्ठा स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लखनऊ से आए खनन विभाग के आरके दलेला के अलावा स्थानीय विभागीय अधिकारी मिथिलेश कुमार पांडेय, सीओ मांट जनक सिंह, सुरीर और नौहझील पुलिस, दो प्लाटून पीएसी और अग्निशमन वाहन मौजूद रहे।
इस कार्रवाई के दौरान फायरब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार कर सुरीर क्षेत्र में 10 लाख कच्ची ईंटों को नष्ट कर दिया। इन भट्ठा स्वामियों ने कहा कि बगैर नोटिस जारी किए सीधे कार्रवाई कर दी गई है।
एनजीटी और उच्च न्यायालय के आदेशानुसार बिना एनओसी के खनन करना गैर कानूनी है। ऐसे में जिन ईंट भट्ठों पर बिना अनुमति के ईंट पथाई कार्य किया जा रहा है उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
- एमके पांडेय, खनन अधिकारी, मथुरा