मथुरा। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के एवज में ठगी करने के मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक युवक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को युवक के पास से 1600 रुपये, कई आधार कार्ड सहित कागजात बरामद हुए।
डूडा के परियोजना अधिकारी रमेश कौशिक को प्रधानमंत्री आवास योजना में लोगों को आवास दिलाने नाम पर ठगी करने की शिकायत मिल रही थी। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। जांच के दौरान बनखंडी इलाके में योजना के अंतर्गत मिलने वाले मकानों को बनवाने के नाम पर वसूली करने में सुनील उर्फ प्रमोद निवासी गांव शाहिदाबाद, थाना बरनाहल जिला मैनपुरी का नाम सामने आया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुनील को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में डूडा विभाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। डूडा कर्मचारी अजीत सिंह ने बताया कि फर्जी दलालों के प्रति डूडा विभाग निरंतर कार्रवाई कर रहा है। विगत दिनों राजीव भवन के पास से पुलिस ने एक दिव्यांग को महिला से आवास दिलाने के नाम पर रुपये मांगने पर पकड़ा था।