मथुरा-वृंदावन के बीच बंद रेलबस सेवा को दोबारा बहाल कराने के लिए
वृंदावनवासी एकजुट हो रहे हैं। रेलवे की ओर से कोई सकारात्मक संकेत न मिलने
के कारण लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है।
सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी
परिषद् के कार्यकर्ताओं ने वृंदावन रेलवे स्टेशन पर रेलबस बंद होने का
विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। शीघ्र रेलबस सेवा चालू न होने पर उग्र
आंदोलन के साथ स्टेशन पर तालाबंदी की चेतावनी दी है।
प्रदेश कार्यकारिणी
सदस्य शशांक शर्मा ने कहा कि प्रतिदिन नगर में हजारों की संख्या में
श्रद्धालु और तीर्थयात्री यहां आते हैं लेकिन रेलबस बंद होने के चलते
उन्हें मथुरा से वृंदावन आने में डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
जिसके चलते कई बार श्रद्धालु सड़क दुर्घटना के भी शिकार हो जाते हैं।
नगर
सहमंत्री राधेश शर्मा ने कहा कि वृंदावन रेलवे स्टेशन को मथुरा जंक्शन की
तरह विकसित करते हुए यहां पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु व पर्यटकों
की सुविधार्थ रेलबस के अलावा कई अन्य गाड़ियों का भी संचालन करना चाहिए।
चेतन शर्मा ने कहा कि मथुरा के रेलवे अधिकारियों की उदासीनता के चलते पिछले
छह माह से रेलबस सेवा बंद है। जिसके चलते हजारों यात्री परेशान हैं।
रेलवे
की सुरक्षित और सस्ती यात्रा को छोड़कर उन्हें टेंपो और अन्य वाहनों के
माध्यम से मंहगी यात्रा करनी पड़ रही है। इस अवसर पर व्यास द्विवेदी, लव
सक्सेना, आशु बघेल, हिमांशु गौड़, पंकज शर्मा, गोविंद सिंह, आदेश पाठक,
अभिलाष शर्मा, भरत कौशिक, अनमोल अग्रवाल, राजू बघेल आदि ने प्रदर्शन कर रोष
जताया।