मथुरा। केएम विश्वविद्यालय परिसर में छह दिवसीय ‘कृदय 2.0’ वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित चित्रकला संगम आर्ट एग्जीबिशन में बीएफए के विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में रंगों और कल्पनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कुलाधिपति प्रतिनिधि देवी सिंह (डीएम), कुलपति डॉ. एन.सी. प्रजापति, कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी.एन. भिसे तथा एफएमटी प्रोफेसर डॉ. शरद अग्रवाल ने सरस्वती मां के चित्र के समक्ष दीप जलाकर एवं फीता काटकर किया।
देवी सिंह ने पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के कौशल को निखारने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। कुलपति डॉ. एन.सी. प्रजापति ने कहा कि इन कृतियों में केवल रंग ही नहीं बल्कि युवाओं की मेहनत और गहरी सोच भी झलक रही है। कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि ‘कृदय 2.0’ का उद्देश्य छात्रों के कौशल विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि और युवा कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना है। हर्षित सोनी के अनुसार बीएफए की छात्राओं द्वारा 60 से अधिक उत्कृष्ट पेंटिंग प्रदर्शित की गई हैं। इनमें शिखा सिंघल, चेतना कुंतल, मोनिका तिवारी और अंजली कुंतल की कृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
खेल समन्वयकों डॉ. रिंकू कुमार, डॉ. खुर्शीद आलम और रोहित तिवारी ने बताया कि क्रिकेट में मेडिकल टीम ने यूनिवर्सिटी टीम को हराकर जीत दर्ज की। महिला खो-खो में नर्सिंग टीम ने मेडिकल को पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया। रस्साकशी प्रतियोगिता में नर्सिंग टीम तीसरे स्थान पर रही, जबकि प्रथम और द्वितीय स्थान मेडिकल टीम ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अभय शूद, सीईओ समीक्षा भारद्वाज, अनिल चतुर्वेदी, डॉ. प्रशांत, डॉ. पायल, डॉ. चेतन, डॉ. दिनेश, शुभम गुप्ता, रानी, अनीता चौधरी, नीतेश कुमारी आदि उपस्थित रहे।