फरह। कस्बे में विद्युत राजस्व वसूलने गई टीम को कुछ लोगों ने गाली देते हुए पीट दिया। रविवार दोपहर उपकेंद्र फरह, साइड बी, ओल और रहीमपुर के अवर अभियंता कस्बे में राजस्व वसूली और बकाया पर संयोजन विच्छेद की कार्रवाई कर रहे थे।
विज्ञापन
टीम जैसे ही कस्बे के व्यापारी मोहल्ले में पहुंची वहां कुछ लोगों ने टीम के साथ गाली देते हुए मारपीट कर दी। फरह के उपखं अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि फरह उपकेन्द्र के टीजी-2 रिजवान अहमद अपनी टीम के साथ बकाया राशि वसूली व अस्थायी संयोजन विच्छेद करने गये थे। मोहल्ला निवासी अनवर और उसके पुत्र काले उर्फ आबिद ने टीम के साथ मारपीट कर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की। टीम ने 112 पर कॉल करके मौके पर पुलिस पुलिस को बुला लिया। सीओ रिफाइनरी ने बताया कि रिजवान अहमद की तहरीर पर अनवर और उसके पुत्र काले के खिलाफ थाना फरह में मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद