मथुरा। फरह थाना क्षेत्र में बाइक सवार छात्र को बुधवार की शाम वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और चचेरी बहन की हालत गंभीर है। पुलिस ने मृतक के चचेरा भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हाईवे थाना क्षेत्र के गांव बाजना निवासी अनिल कुमार ने बताया कि बुधवार को उसके भाई सौरभ (20), कपिल और चचेरी बहन अंजलि का आगरा में एएनएम का पेपर था। तीनों एक बाइक पर सवार होकर पेपर देने के लिए आगरा गए थे। बुधवार की शाम को लौटते समय फरह पेट्रोल पंप के समीप किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस तीनों को लेकर फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वह तीनों को लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे। यहां उपचार के दौरान सौरभ ने दम तोड़ दिया, जबकि कपिल और अंजलि की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजन ने बताया कि सौरभ पढ़ाई में काफी होशियार था।
सीओ रिफाइनरी स्वेता वर्मा ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई टीकम सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।