मथुरा। वैशाख मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी पर श्रीद्वारिकाधीश महाराज मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया गया। ठाकुरजी ने फूलों से सुसज्जित बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि यह मनोरथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनंत अंबानी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। मंदिर के गोस्वामी डॉ. वागीश कुमार महाराज की आज्ञा से आयोजित कार्यक्रम में महाराज ने अनंत अंबानी को आशीर्वाद देते हुए उनके परिवार की ठाकुरजी के प्रति गहरी आस्था की सराहना की। फूल बंगले के लिए विभिन्न स्थानों से उच्च गुणवत्ता के फूल मंगाए गए, जिन्हें कुशल कारीगरों ने आकर्षक ढंग से सजाकर भव्य स्वरूप दिया। बंगले की सुंदरता देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। अनंत के प्रतिनिधि के रूप में मुंबई से आए बल्लभ चतुर्वेदी ने मंदिर में दर्शन कर उनके लिए दीर्घायु की कामना की। मंदिर के प्रधान आचार्य सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी, अधिकारी वैद्य अशोक कुमार शर्मा, सहायक अधिकारी सत्यनारायण शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद