मथुरा। भरतपुर मार्ग पर जाम लगाते ग्रामीण और खड़ी पुलिस फोर्स।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे मथुरा-भरतपुर मार्ग पर गांव नरहौली के पास ट्रेलर की टक्कर से बीएसएफ जवान की 12 साल की बेटी की मौत हो गई। वह दुकान से पूजा का सामान लेकर लौट रही थी। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने पीड़ित परिवार की मदद और गांव के सामने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग जाम रहा।
थाना हाईवे के गांव नरहौली निवासी दिनेश बीएसएफ में जवान हैं। वह पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। उनका परिवार गांव नरहौली में रहता है। सोमवार की सुबह दिनेश की 12 साल की बेटी किरन घर के सामने परचून की दुकान से पूजा का सामान लेने के लिए गई थी। सड़क पार करते हुए भरतपुर की तरफ से रहे ट्रेलर ने बालिका को टक्कर मार दी । मौके पर ही बालिका की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीण दौड़े और चालक को दबोच लिया।
हाईवे पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने भरतपुर मार्ग को जाम करके हंगामा काटा। ग्रामीण सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे थे। मौकेे पर एसपी ट्रैफिक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ रिफाइनरी आलोक दुबे पहुंच गए। ग्रामीणों को स्पीड ब्रेकर का आश्वासन दिया तो एक घंटे बाद जाम खुल सका। जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी।